ग्रामीण बैंक लूट कांड की जांच को लेकर समस्तीपुर पहुंचे आईजी अजिताभ कुमार, घटनास्थल का किया मुआयना समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने के बिशनपुर चौक स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में हुए लुट कांड की जांच को लेकर दरभंगा प्रक्षेत्र के आईजी अजिताभ कुमार बुधवार 18 नवंबर को समस्तीपुर पहुंचे। जहां उन्होंने समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक विकास बर्मन और सदर डीएसपी प्रीतीश कुमार के साथ बिशनपुर चौक स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने बैंक कर्मचारियों से भी बात की। बैंक ड्यूटी में नियुक्त चौकीदार की फिटनेस पर वह नाराज दिखे। बैंक डकैती के बाद बैंक कर्मचारियों की अकर्मण्यता पर उन्होंने खासी नाराजगी व्यक्त की। बैंक लूट के बाद भी बैंक कर्मचारियों के द्वारा शोर नहीं मचाने और सायरन नहीं बजाने को लेकर आईजी अजिताभ कुमार ने आश्चर्य व्यक्त किया और इसको लेकर उन्होंने बैंक कर्मचारियों को डांट भी पिलाई। उन्होंने कहा कि जब तक लोग अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेंगे तब तक पुलिस भी उनकी मदद कैसे कर पाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों ने अगर बैंक लुटेरों के जाने के बाद भी अगर शोर मचाया होता अथवा सायरन बजाया होता तो बैंक परिसर के नीचे खड़े आसपास के लोगों के द्वारा खदेड़ कर अपराध कर्मियों को पकड़ा जा सकता था या कम से कम यह पता चलता कि बैंक लुटेरे किस दिशा की ओर भागे हैं, तो पुलिस को उन्हें पकड़ने में आसानी होती। इस दौरान उन्होंने बैंक के बाहर सायरन लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने बैंक के अंदर महत्वपूर्ण टेलीफोन नंबर, जैसे कि नजदीकी पुलिस थाना और फायर डिपार्टमेंट आदि का नंबर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में लिखवाने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को बैंक की सुरक्षा में नियुक्त चौकीदार के ऊपर कार्यवाही करने का भी आदेश दिया। आपको बता दें कि मंगलवार 17 नवंबर को अपराधियों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिशनपुर चौक स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक से एक लाख 90 हजार रुपए की लूट को घटना को अंजाम दिया था।
