चिराग पासवान के चचेरे भाई कृष्ण राज ने किया रोसड़ा (सु.) से नामांकन दाखिल, सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां समस्तीपुर। समस्तीपुर। जिले के रोसड़ा विधानसभा (सु.) क्षेत्र संख्या- 139 से लोजपा के दिवंगत सांसद रामचंद्र पासवान के बड़े पुत्र और समस्तीपुर सांसद प्रिंस राज के बड़े भाई कृष्ण राज ने गुरुवार 15 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल किया। मौके पर समस्तीपुर सांसद सह लोजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज भी मौजूद रहे। रोसड़ा (सु.) विधानसभा का द्वितीय चरण में चुनाव होना है। भारतीय जनता पार्टी ने वहां से वीरेंद्र पासवान को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने वहां से नागेंद्र पासवान को टिकट दिया है। मीडिया से बात करते हुए रोसड़ा (सु.) लोक जनशक्ति पार्टी से कृष्ण राज ने कहा कि बिहार की जनता नीतीश कुमार के कुशासन से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में सरकार बनाने में लोक जनशक्ति पार्टी मजबूत विकल्प के तौर पर उभर कर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि रोसड़ा की जनता के प्रेम और रोसड़ा को उसका हक दिलाने को लेकर यहां से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। आपको बता दें कि कृष्ण राज के नामांकन के दौरान जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गई।
