विधानसभा चुनाव को लेकर समस्तीपुर में फरार वारंटियों और शराब तस्करों के विरुद्ध पुलिस ने तेज किया अभियान  समस्तीपुर। विधान सभा चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस का लगातार अभियान जारी है। एसपी के आदेश पर रविवार को जिले में गिरफ्तारी और छापेमारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न मामलों में फरार जहां 33 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है, वहीं अवैध शराब, एक मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं। अभियान के दौरान करीब 63 लीटर  शराब भी जब्त की गई है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक विकास बर्मन के निर्देशानुसार जिले में स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने के लिए चल रहे अभियान के तहत रविवार को 6 माह से अधिक समय से फरार चल रहे 28 वारंटी को गिरफ्तार किया गया। वहीं  6  माह से कम समय से लंबित वारंटों में से 18 वारंटों का निष्पादन किया गया। इसके अलावे  नगर थाना के द्वारा एक कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई। एसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अर्धसैनिक बलों के साथ पूरे जिले में छापेमारी कराई जा रही है।  जिसमें 63 लीटर अवैध शराब, एक मोबाइल और  एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है तथा अवैध शराब रखने के आरोप में तीन व अन्य आरोप में 30 यानि कुल 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।  सिंघिया थाना के द्वारा छापामारी के क्रम में हत्याकांड के एक अभियुक्त मिथिलेश महतो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं कमजोर वर्गों के मतदाताओं में आत्मविश्वास जगाने हेतु 27 टोलों  में अर्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग कराया गया है। एसएसटी टीम के द्वारा मोहिउद्दीन नगर विधानसभा में कुल दो लाख 38 हजार 830 रूपये जप्त किया गया। एफएस टीम के द्वारा विभूतिपुर विधानसभा के राष्ट्रीय जन-जन पार्टी के उम्मीदवार पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप मेंप्राथमिकी दर्ज़ की गयी है। वहीं पूरे जिले में वाहन चेकिंग कराई जा रही है,  जिसमें मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में 49500 रूपये जुर्माना वसूला गया है। पुरे जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चिन्हित कर भारतीय दंड संहिता की धारा 107 के अंतर्गत 68 लोगों पर कार्रवाई की गई है।  वहीं 110 लोगों के विरुद्ध भेजे गए सीसीए के प्रस्ताव में से 31 के विरुद्ध थाना बदर और जिला बदर की कार्रवाई की गई है। समस्तीपुर से मोबाइल वाणी के लिए नितेश कुमार की रिपोर्ट ।