हजारीबाग के कौशल्या प्लाजा स्थित चाणक्य आइएएस एकेडमी के अभ्यर्थियों ने शहर के कल्लू चौक स्थित मुद्रिका कुंज सभागार में हर्षोल्लास से शिक्षक दिवस मनाया। इस अवसर पर चाणक्य आइएएस एकेडमी के वाइस प्रेसिडेंट विनय मिश्रा, जेनरल मैनेजर रीमा मिश्रा, हजारीबाग सेंटर हेड मोहन कुमार, ब्रांच मैनेजर अवधेश कुमार, संस्थान के प्रसिद्ध शिक्षक पवन कुमार समेत संस्थान के सभी शिक्षकों का अभ्यर्थियों ने फूल वर्षा कर स्वागत किया, उसके बाद चाणक्य लिखा केक काट कर व डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मौके पर चाणक्य आइएएस एकेडमी के वाइस प्रेसिडेंट विनय मिश्रा ने बेहतर कार्यक्रम प्रबंधन के लिए सभी अभ्यर्थियों के प्रति खुशी जाहिर की और कहा कि दरअसल यह कार्यक्रम शिक्षकों के प्रति अभ्यर्थियों के समर्पण भाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सही मायने में देखा जाए तो शिक्षक ही समाज की आधारशिला हैं। जीवन के आखिरी लम्हों तक एक शिक्षक मार्गदर्शक की भूमिका अदा कर समाज को सार्थक दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अपने मन, वचन और कर्म से समाज में सार्थक बदलाव की जो मिसाल पेश की, उसे आज के युवाओं को अपनाने की आवश्यकता है। जेनरल मैनेजर रीमा मिश्रा ने कहा कि शिक्षक दिवस अभ्यर्थियों की ओर से मनाया जा रहा है, लेकिन इसकी अहमियत तब और बढ़ जाएगी जब यहां मौजूद सभी अभ्यर्थी यह प्रण लें कि जिस मंजिल को आधार बनाकर आप तैयारियों में जुटे हैं, उसके रास्ते में बाधाओं के बावजूद मंजिल पाने तक रुकेंगे नहीं और एक आइएएस, आइपीएस, आईएफएस व अन्य अधिकारी के रूप में देश सेवा में अपनी महत्ती भूमिका निभाएंगे। अभ्यर्थियों में उत्साह भरते हुए श्रीमति मिश्रा ने कहा कि हम आदम के बेटे हैं, क्यों सोंचे राह सरल होगा। ज्यादा वक्त लगेगा पर संघर्ष ज़रूर सफल होगा। हर संकट का हल होगा, वो आज नहीं तो कल होगा। इस बीच अभ्यर्थियों के विशेष आग्रह पर संस्थान के वाइस प्रेसिडेंट विनय मिश्रा किशोर कुमार के गाए गीतों को गुनगुनाया तो मौके पर मौजूद अभ्यर्थी, अभिभावक, अतिथि व अन्य खुशी से झूम उठे और वन्स वन्स मोर जैसे वाक्यों की पुनरावृत्ति होने लगी। वहीं अभ्यर्थियों ने भी एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बताते चलें कि अभ्यर्थियों ने संस्थान के वाइस प्रेसिडेंट विनय मिश्रा, जेनरल मैनेजर रीमा मिश्रा के अलावा सभी शिक्षकों व कर्मियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर आशीर्वाद लिया।