शिवपार्वती के मिलन का महापर्व महाशिवरात्रि मेले की तैयारी अंतिम चरण में है। शुक्रवार को पड़ने वाली महाशिवरात्रि का पर्व अनन्त फलदायी होता है। महाशिवरात्रि को बिहार प्रसिद्ध सोमेश्वरनाथ महादेव मन्दिर में जलाभिषेक करने के लिए लाखों की संख्या में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित कर सुगमता पूर्वक उन्हें जलाभिषेक की सुविधा मुहैया कराने के प्रति स्थानीय प्रशासन व मन्दिर प्रबंधन अभी से ही कटिबद्ध दिखने लगा है। वर्ष 2024 का दूसरा अतिमहत्वपूर्ण मेला महाशिवरात्रि के आयोजन व सफलता को लेकर महामंडलेश्वर व सोमेश्वर पीठाधीश्वर स्वामी रविशंकर गिरि महराज व एसडीओ अरुण कुमार की उपस्थिति में हुई बैठक में श्रद्धालुओं को सुविधा मुहैया कराने को लेकर चर्चा हुई। बैरिकेडिंग, सीसीटीवी व लाइटिंग की व्यवस्था कराई जा रही है। नगर पंचायत के सौजन्य से शौचालय व पेयजल सहित सफाई की व्यवस्था कराई जाएगी। मन्दिर परिसर में चिकित्सा शिविर व स्टैंडिंगमोड में एबुलेंस व फायर ब्रिगेड के वाहनों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया है। जलाभिषेक करने आये श्रद्धालुओ के ऊपर पुष्पवर्षा करने की भी तैयारी की गई है।
