भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर जलने की लगातार शिकायतों आ रही हैं। बिजली कंपनी द्वारा जले हुए या खराब ट्रांसफार्मर 24 घंटे के अंदर बदलने की तैयारी शुरू की गयी है। सूत्रों के अनुसार सभी विद्युत अंचलों में अधीक्षण अभियंताओं को ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जवाबदेही सौंपी गयी है। सभी विद्युत डिवीजन में कनीय अभियंताओं के दिशा-निर्देश में जले हुए ट्रांसफार्मर को चिन्हित करते हुए उसे बदलने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए बिजली कंपनी ने अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था पहले से रखने को कहा है। जिन अंचलों में आवश्यकता से अधिक ट्रांसफार्मर हैं, उनसे भी इसे लिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार राज्य में वर्तमान में दिन का तापमान 43-44 डिग्री रहने के कारण ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ गया है। 63 केवी व 100 केवी के ट्रांसफार्मर पर उसकी क्षमता से अधिक लोड होने के कारण उसके जल जाने के मामले सामने आ रहे हैं। इन दिनों एसी, कूलर व अन्य बिजली के उपकरणों का उपयोग बढ़ गया है। खासकर, घनी आबादी व मार्केट में स्थित ट्रांसफार्मर में अधिक शिकायतें सामने आ रही है।
