चंवर क्षेत्र के आर्द्र भूमि में मछली पालन से मत्स्यपालकों की अच्छी कमाई होगी। मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए चंवर क्षेत्र की भूमि में तालाब निर्माण कर मछली पालन किया जाएगा। चंवर विकास योजना के तहत जिले में चंवर क्षेत्र में मछली पालन किये जाने की हरी झंडी राज्य सरकार के द्वारा दी गयी है। इस योजना के लिए मत्स्यपालक किसान विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। तालाब निर्माण पर मिलेगा अनुदान चंवर में बाढ़ व सुखाड़ से रबी या खरीफ फसल नहीं हो पाती है। जिससे किसानों को हर साल नुकसान उठाना पड़ता है। लेकिन अब चंवर में तालाब निर्माण से मछली पालन कर किसान कमाई कर सकेंगे। इसको ले सरकार किसानों को अनुदान मुहैया करा रही है। प्रति हेक्टेयर तालाब निर्माण पर 7 से 11 लाख रुपये इकाई लागत निर्धारित है। इसमें सामान्य वर्ग के किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ मिलेगा। इसके अलावा ओबीसी, एससी व एसटी वर्ग के किसानों को 70 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। पिछले साल 38 हेक्टेयर चंवर भूमि के लिए तालाब निर्माण की स्वीकृति विगत वित्तीय वर्ष में जिले में चंवर विकास योजना के तहत 38 हेक्टेयर में तालाब निर्माण कर मछली पालन की स्वीकृति दी गयी है। तालाब निर्माण कार्य चल रहा है। इसके पूर्व 870 हेक्टेयर चंवर भूमि में मछली पालन किया जा रहा है।
