शहरवासियों को ड्रेनेज की समस्या से शीघ्र ही निजात मिलनेवाली है। इसके लिए विभागीय स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई है। नप प्रशासन शहर के मुख्य नालों की उड़ाही व सफाई कार्य में जुट गया है। प्रथम चरण में शहर के मुख्य नालों की सफाई की जा रही है। इसके बाद अन्य नालों की उड़ाही व सफाई की जाएगी। सफाई की मॉनिटरिंग खुद ईओ डॉ मनीष कुमार सफाई निरीक्षक के साथ कर रहे हैं। जहां एक ओर शहर में जलनिस्सरण की समस्या से निजात मिलेगी। वहीं बरसात के मौसम में भी शहर में जलजमाव की समस्या नहीं रहेगी। शहर के स्टेशन रोड से अनुमंडल कार्यालय परिसर तक फिर तुमड़िया टोला से डंकन रोड में मुख्य नाले की उड़ाही और सफाई कार्य पूरी कर ली गई है। इसके अलावा अन्य गली मोहल्लों व चौक चौराहों के नालों की भी सफाई होगी। नप प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे नालों की उड़ाही व सफाई कार्य में तीन दर्जन से अधिक सफाई कर्मी जुटे हुए हैं।