मोतिहारी टैक्स चोरी के खिलाफ वाणिज्य कर विभाग ने शहर स्थित एक दुकान पर छापेमारी की। मेन रोड स्थित गाजा गद्दी चौक स्थित पान मसाला व बिस्किट व्यवसायी के प्रभु नामक स्टोर पर छापेमारी की गयी। इस दौरान अधिकारियों ने पान मसाला व बिस्किट के खरीद बिक्री के स्टॉक पंजी को खंगालने मेें जुटे हैं। यह छापेमारी वाणिज्य कर विभाग के सचिव डॉ. प्रतिभा वर्मा के निर्देश पर हो रही है। विभाग को सूचना मिली थी उक्त व्यवसायी के द्वारा बिक्री के अनुपात में टैक्स का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिसको लेकर वाणिज्य कर विभाग की टीम ने उक्त प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार ने बताया कि व्यवसायी के स्टॉक पंजी की जांच में अधिकारी जुटे हैं। इसके अलावा सामान खरीद की बिल आदि की जांच चल रही है। कागजातों के सत्यापन के बाद ही पता चलेगा कि कितने की टैक्स चोरी की गयी है। मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी में राज्य कर सहायक संयुक्त आयुक्त जितेन्द्र कुमार, सुजीत कुमार मिश्रा,ललितेन्दु राय, राजकिशोर राम स्मिता शर्मा थे।