समाज में शांति व सुरक्षा के लिए किसी भी कीमत पर अपराधी बक्शे नहीं जाएंगे। उक्त बातें पूर्वी चंपारण के नव पदस्थापित एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने योगदान करने के दूसरे दिन बुधवार को नेपाल सीमावर्ती रक्सौल थाना का निरीक्षण के दौरान कही। एसपी श्री मिश्रा ने रक्सौल में एएसपी चंद्रप्रकाश की उपस्थिति में अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों के साथ अहम बैठक कर अपराध नियंत्रण को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए। एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि रक्सौल नेपाल का सीमाई थाना क्षेत्र है। इसलिए वे आईसीपी जाएंगे, वहां पर एसएसबी कमांडेंट से भी बात करेंगे। यहां के अपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए समन्वय स्थापित करेंगे। क्षेत्र में अमन-शांति बनाए रखने के दिशा में जो भी निरोधात्मक व सकारात्मक कार्य होगा करेंगे। वहीं उन्होंने शराबबंदी को लेकर कहा कि वे सभी पंचायतों के लिए एक अधिकारी तय करेंगे, जो पूर्व के कांडो में संलिप्त कारोबारी हो उन पर नजर रखने का काम करेंगे। इसके बाद नये एसपी ने मुफस्सिल थाने में सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मौके पर सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता भी थे।