मोतिहारी 28 सितम्बर। जिले के अनुमंडलीय अस्पताल ढाका में रेडक्रॉस सोसायटी पूर्वी चम्पारण  द्वारा रक्त की कमी से जूझ रहे लोगों की जीवन रक्षा के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का निरीक्षण करने शिवहर की सांसद रमा देवी पहुंची थीं। रक्तदान के मौके पर सांसद रमा देवी ने कहा कि युवाओं व समाजसेवियों को रक्तदान के मौके पर आगे आना चाहिए। रक्तदान द्वारा रक्त की कमी से जूझते लोगों के प्राण की रक्षा होती है, इसलिए सभी लोगों को रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि दोपहर 2 बजे तक 7 यूनिट ब्लड डोनेशन द्वारा प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि ब्लड डोनेट करने से लोगों का स्वास्थ्य ठीक रहता है। शरीर मे नए खून का निर्माण होता है। दिल, ब्लड प्रेशर भी ठीक रहता है। ब्लॉक हेल्थ मैनेजर संजय कुमार ने बताया कि लोग रक्त की कमी से जूझ रहे लोगों की प्राण रक्षा के लिए रक्तदान करें। इस दौरान उन्होंने बताया कि पुरुष 3 महीने और महिलाएं 4 महीने के अंतराल में नियमित रक्तदान कर सकती हैं। यदि आप स्वस्थ हैं, आपको किसी प्रकार का बुखार या बीमारी नहीं हैं, तो ही आप रक्तदान कर सकते हैं। पूरी जानकारी के लिए लिंक को अभी क्लिक करें।