शिवहर-कोरोना के नए संक्रमित लोगों की संख्या दिनोंदिन कम होने से उत्साहित लोगों को अब सावधान हो जाने की जरूरत है। क्योंकि केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में कोविड-19 के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले कुछ दिनों में ज्यादा संख्या में नए कोरोना संक्रमितों के मिलने से वहां कोरोना की दूसरी लहर की आशंका जताई जाने लगी है। यह बातें सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने कही।उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन अभी सावधानी की अधिक जरूरत है। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी हो रही है। मामलों में कमी होने पर शिवहर जिला के कोरोना मुक्त होने की संभावना लगातार बढ़ती जा रही है। इससे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग भी काफी राहत महसूस कर रहा है। जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 1547 हैं, जिनमें से 1537 लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं।