बिहार राज्य के चम्पारण जिला ,पताही प्रखंड से प्रिन्स ने मोबाइल वाणी के माध्यम से बताया कि पताही प्रखंड के परसौनी कपूर पंचायत के मुखिया अनिल कुमार को दिल्ली में मजदूर दिवस पर कर्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उक्त पुरस्कार नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति परमानंद झा व भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी ने संयुक्त रूप से दिया। पुरस्कार के लिए 1 मई 2018 को मजदूर दिवस पर इंडो नेपाल समरसता मंच की ओर से दिल्ली के दी इंडियन सोसाइटी ऑफ इंटरनेशनल लॉ भवन के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुखिया आनिल को उक्त पुरस्कार बिहार में प्रथम ओडीएफ पंचायत बनाने पर दिया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त मंच के द्वारा दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित कर मुखिया श्री कुमार के साथ भारत व नेपाल के 100 जनप्रतिनिधियों को अपनी-अपनी पंचायतों में बेहतर कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया है। श्री कुमार को अपनी पंचायत को खुले में शौच मुक्त बनाने पर सबसे पहले 15 अगस्त 2016 को पूर्वी चंपारण जिले के तत्कालीन डीएम अनुपम कुमार व जिला पार्षद अध्यक्ष प्रियंका जायसवाल ने सम्मानित किया था। जिसके बाद 10 नवंबर 2016 को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी पंचायत का भ्रमण कर उन्हें धन्यवाद देने के साथ उक्त पंचायत को बिहार सरकार के सात निश्चय योजना से लैस करने की घोषणा की। इतना ही नहीं मुखिया श्री कुमार को 23 नवंबर 2016 को भारत सरकार के द्वारा दिल्ली, 23 दिसंबर 2016 को नेपाल सरकार के द्वारा काठमांडू एवं 24 अप्रैल 2018 को पंचायती राज दिवस पर मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में बुलाकर सम्मानित किया गया है।