प्रयागराज माघ मेले के लिए चलेंगी दस बसें संतकबीरनगर। जिले से प्रयागराज माघ मेला में जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा देने की तैयारी परिवहन विभाग ने शुरू कर दी है। मुख्य स्थान पर्व की तिथियों पर बसें आवांटित की गई हैं। खलीलाबाद एवं मेंहदावल से परिवहन निगम की दस-दस बसें चलाई जाएगीं। इसके लिए गोरखपुर परिक्षेत्र के विभिन्न स्थानों से परिचालन के लिए परिवहन निगम से 380 बसों का आवंटन हुआ है। जिससे स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी तरह का कठिनाई का सामना न करना पड़े। संगम नगरी प्रयागराज में लगने वाले माघ मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं। माघ मेला के लिए जिले एवं अन्य स्थानों से हजारों श्रद्धालु प्रयागराज हर वर्ष जाते हैं। तमाम श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से भी यात्रा करते हैं और प्रयागराज पहुंचकर स्नान कर पुण्य के भागी बनते हैं। प्रयागराज में आने जाने वाले श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो इसके लिए जनपद स्तर पर भी परिवहन निगम ने बसों को चलाने का निर्णय लिया है। बस्ती मंडल से प्रयागराज माघ मेला को देखते हुए विभिन्न स्थानों से 90 परिवहन निगम की बसों को चलाए जाने की निर्णय लिया गया है। जिससे श्रद्धालु सुगमता से प्रयागराज माघ मेला में शिरकत कर सकें। जिले से इस पर्व की महत्ता को देखते हुए 20 बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है। मेंहदावल और खलीलाबाद से बसों में सफर कर श्रद्धालु प्रयागराज माघ मेले में शिरकत कर सकेंगे। इन स्थानों से इतनी बसों का होगा संचालन परिवहन निगम की मानें तो छह पर्व का स्थान प्रमुख रूप से शामिल किया गया है। दिनांक 15 जनवरी मकर संक्रांति, 25 जनवरी पौष पूर्णिमा, 09 फरवरी मौनी अमावस्या, 14 फरवरी बसंत पंचमी, 24 फरवरी माघी पूर्णिमा और 08 मार्च को महाशिवरात्रि को मुख्य स्नान पर्व है। इसके लिए गोरखपुर स्थानीय से 70, कसया 10, रुद्रपुर 25, लार 05, देवरिया 25, कौड़ीराम 15, महराजगंज 10, बांसगांव 25, खजनी 25, गोला 35, सिकरीगंज 25, उरुवा 20, सिद्धार्थनगर 08, शोहरतगढ़ 02, बांसी 25, खलीलाबाद 10, बस्ती 35 और मेंहदावल से 10 बसों का संचालन होगा। इसके अलावा मेलाधिकारी प्रयागराज की मांग के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था संबंधित क्षेत्र द्वारा की जाएगी। माघ मेला के संबंध परिवहन निगम मुख्यालय का आदेश मिल चुका है। खलीलाबाद और मेंहदावल से निगम की दस-दस बसों का संचालन होगा। जिससे जिले के श्रद्धालु आसानी से सफर कर संगम नगरी प्रयागराज आ जा सकेंगे। टीएन दूबे, प्रभारी परिवहन निगम खलीलाबाद
