क्षय रोग उन्मूलन के लिए प्रशिक्षित किए कर्मचारी संतकबीरनगरः  क्षय रोग उन्मूलन के लिए विभाग में तैनात तकनीकी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। अब ये कर्मचारी मरीजों की जांच के साथ साथ उनके विवरण को भी अपलोड करेंगे। साथ ही संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में रहने वाले परिवार के दूसरे सदस्यों की भी जांच की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि पीड़ित परिवार का कोई और सदस्य संक्रमित है भी या नहीं। क्षय रोग उन्मूलन के लिए अब गांव स्तर पर अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए विभाग कील कांटा दुरुस्त कर रहा है। इसके लिए तकनीकी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। आगरा से प्रशिक्षण लेकर लौटे ईश्वरचंद्र चौधरी ने विभाग के दूसरे कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी है। क्षय रोग विशेषज्ञ डा. विशाल यादव के अलावा सतीश, देवब्रत, श्याम, राजेश और अमित आनंद को प्रशिक्षित किया है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. एसडी ओझा ने बताया कि शासन की मंशा है कि 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाना है। इसके लिए एक एक मरीजों को खोजना है और उसकी जांच करना है। जिस किसी भी व्यक्ति के अंदर टीबी की लक्षण नजर आएंगे, उस परिवार उन सभी लोगों की जांच की जाएगी, जो मरीज के संपर्क में रह रहे थे। ताकि यह पता चल सके कि परिवार के किसी और सदस्य को क्षय रोग की बीमारी है या नहीं। डा. ओझा ने बताया कि दवा खाने के दौरान मरीज के संपर्क में रहने वाले लोगों को भी दवा दी जाएगी। हर स्तर पर जांच और इसकी आन लाइन फीडिंग के लिए सीनियर लैब टेक्नीशियन, एलटी और डाटा फीडिंग करने को प्रशिक्षित किया गया है।