मौदहा।त्योहार के सीजन में अक्सर मिलावट खोरी के मामले सामने आते हैं।वैसे ही इस बार भी पड़ोसी जनपदों से मिलावटी मावा बाजारों में आने के कारण खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी शुरू कर दी है और दो दूकानों में बिक रहे खोवा और मिष्ठान्न के नमूने लिए। सोमवार दोपहर जिले की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आसरे यादव के नेतृत्व में कस्बे के माजिद काम्प्लेक्स स्थित रायलफ्रेश मिष्ठान भण्डार और अरतरा तिराहा में स्थित एक मिष्ठान भण्डार में बिक रही मिठाइयों के साथ ही खोवा के नमूने लिए। बताते चलें कि बीते दिनों जनपद में बाहरी जनपदों से आकर बिक रहा मिलावटी मावा शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी जिसके बाद जिले का खाद्य सुरक्षा विभाग मुस्तैद हो गया और दो दूकानों से नमूने लिए।हालांकि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की छापेमारी की खबर को लेकर कस्बे की अन्य मिठाई की दूकानों के साथ ही किराना और तेल की दूकानों के शटर गिर गए।जिसके चलते कस्बे के व्यापारियों ने आक्रोश जताया है।

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम में बदलाव के विरोध एवं सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर यूपी के हमीरपुर में शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी दिया। हमीरपुर।उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग विधेयक-2023 को वापस लेने तथा माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम 1982 व संगत नियमावलियों को बरकरार रखने की मांग को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराइ गुट ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित गोल चबूतरे पर धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री से सम्बोधित ज्ञापन अतिरिक्त अधिकारी को सौपा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के जिलाध्यक्ष कपिल देव तिवारी की अगुवाई में सोमवार को संघ के प्रदेश नेतृत्व के अवाहन पर दिए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष कपिल देव तिवारी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा माध्यमिक शिक्षा सेवा 1982 की अधिनियम से शिक्षकों की सेवा सुरक्षा की धारा 21 एवं माध्यमिक प्रधानाचार्य की तदर्थ पदोन्नति की धारा 18 को समाप्त करना शिक्षकों को आंदोलन करने के लिए चुनौती देना है।शिक्षा अधिनियम में बदलाव से शिक्षकों का उत्पीड़न होगा। कहा विधान परिषद में शिक्षक विधायक हैं, जिन्हें शिक्षकों ने चुनकर भेजा है वे विधानमंडल में रहकर भी इस विधेयक का विरोध नहीं कर पाए। उन्हें अब अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।कहा वर्तमान कानून के लागू होने से विद्यालयों में विवाद बढ़ेंगे और तनावपूर्ण स्थिति बनी रहेगी, जिससे शैक्षिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से इस कानून को वापस लेने की बात कही। जिलामंत्री शिवदत्त पटेल ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की धारा 21 में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा थी, जिसका सरकार ने ख्याल नहीं रखा।उन्होंने सरकार के फैसले का कड़ा विरोध करते हुए सरकार से तत्काल वापस लेने तथा शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम-1982 व संगत नियमावलियों के अस्तित्व को यथावत बरकरार रखने की मांग की है। इस मौके पर सर्वेश कुमार सोनी, मनीष कुमार त्रिपाठी,विजयपाल, कामता प्रसाद, रणवीर सिंह राजपूत, राम बहादुर सिंह, सत्येंद्र सिंह, विनोद कुमार सहित शिक्षक संघ ठाकुराई गुट के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हमीरपुर। दो माह से लापता पुत्री की तलाश में दर बदर भटक रही महिला ने सोमवार को मुख्यालय पहुंच एसपी को पत्र सौंप न्याय की गुहार लगाई है। राठ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी को दिए पत्र में बीते 22 जून को गांव के ही अंजू पुत्र मंगल सिंह पर उसकी नाबालिग पुत्री को बहला फुसला कर ले जाने का आरोप लगाया है।उन्होंने बताया कि उन्होंने राठ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।किन्तु रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद राठ पुलिस द्वारा आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है।जिससे पीड़िता को पुत्री के साथ कोई अनहोनी होने की आशंका सता रही है। पीड़िता ने दरोगा पर 5 हजार की रिश्वत लेने का आरोप भी लगाया है।

राठ। रक्षाबंधन के त्योहार पर परिवहन निगम यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का दंभ भर रही है।सोमवार को राठ डिपो आई महोबा डिपो की बस अचानक खराब हो गई। जिससे यात्रियों ने उतरक खुद ही धक्का देकर बस को स्टार्ट कराया। तब यात्री अपने गंतव्य पर पहुंच सके। त्योहार के सीजन में यात्रियों की भीड उमड़ रही है। ऐसे में परिवहन निगम यात्रियों के आवागमन के लिए बेहतर सुविधा देने का वादा कर रही है। लेकिन हकीकत में यह तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही है। सोमवार को राठ डिपो परिसर में महोबा डिपो की बस आई और जाने के लिए ड्राइवर ने जैसे ही स्टार्ट किया‌। बस धोखा दे गई। काफी देर तक बस स्टार्ट नहीं हुई तब बस के अंदर बैठी यात्रियों ने खुद ही धक्का देकर स्टार्ट कराया। काफी देर तक बस खड़ी रहने से यात्री गर्मी से बिलबिला उठे। बस जब स्टार्ट हुई तब यात्रियों ने राहत की सांस ली और अपने गंतव्य पर निकल गए‌। बता दें परिवहन निगम रक्षाबंधन के त्योहार पर भीड़ को संभालने के लिए जर्जर बसों की डेंटिंग पेंटिंग कर सड़कों पर दौड़ा रही है।

हमीरपुर।झूठी गवाही देने से मना करने पर गांव के ही युवक व उसके पुत्र द्वारा अभद्र टिप्पणी करने से आहत होकर पीड़ित महिला ने सोमवार को मुख्यालय पहुंच एसपी को पत्र सौंप कार्यवाही की मांग की है। बिवाँर थाना क्षेत्र के सायर गांव निवासी पूजा शुक्ला पत्नी पंकज शुक्ला ने सोमवार को एसपी को दिए पत्र में कहा कि गांव के कमरिश उर्फ़ कल्लू दीक्षित व उसका लड़का आकाश दीक्षित परिवारिक झगड़े को लेकर उनसे झूठी गवाही देने को मजबूर करते रहे। जिस पर उन्होंने मना किया तो उक्त लोगों द्वारा अभद्रता करते हुए टिप्पणी की जा रही है। जिससे उनका घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। पीड़िता ने बताया कि अभद्र टिप्पणी करने से मना करने पर उक्त लोगों द्वारा जान माल की धमकी दी जाती है। बताया कि उक्त युवक कल्लू दीक्षित अपराधिक कृत्यों में संलिप्त रहता है जिससे उनको अनहोनी होने का भय सता रहा है।

यूपी के हमीरपुर के अधिवक्ता संघ की विभिन्न मांगों को लेकर 15 दिनों तक लगातार चली रही हड़ताल सोमवार 29 अगस्त को बैठक के बाद आगामी पांच सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। अध्यक्ष फूल सिंह कुशवाहा ने बताया कि मांगे पूरी ना होने पर छह सितंबर से पुनः हड़ताल शुरू करेंगे। इसके अलावा, 9 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी है।

हमीरपुर। रक्षाबंधन पर्व पर परिवहन निगम की समस्त बसों में महिलाएं 29 अगस्त मंगलवार की रात 12 बजे से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। शासन ने यह सुविधा भाइयों को राखी बांधने के लिए दी गई है। शासन के प्रमुख सचिव एवं बैंकटेश्वर लू ने जारी आदेश में कहा है कि रक्षाबन्धन पर परिवहन निगम की समस्त बसों में आगामी बुधवार को महिलाओं को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। महिलाएं 29 अगस्त की रात 12 से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा सुविधा ले सकेंगी।

यूपी के हमीरपुर में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम एन0टी0ई0पी0 के अन्तर्गत लाभांवित क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। इस दौरान, जिलाधिकारी डॉ चन्द्र भूषण ने भारतीय रेडक्रास सोसायटी के द्वारा 35 क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार प्रदान किया। यह कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित भारत रत्न डा०ए०पी०जे० अब्दुल कलाम सभागार मे किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार ने क्षय रोग उन्मूलन के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए है। अब क्षय रोगियों को निराश होने की जरूरत नही है। उन्होने क्षय रोगियों व उनके परिजनों से डॉक्टरों के सम्पर्क में रह कर दवा का पूरा कोर्स करने की अपील की। साथ ही, उन्होने सभी डॉक्टरों को बाहर की कोई भी दवा न लिखने के लिए निर्देशित किया। ऐसा करने पर कड़ी कार्यवाही होगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्यचिकित्सा अधीक्षक, एम0ओ0आई0सी0, तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।

हमीरपुर।सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से दोपहर तक जलाभिषेक के लिए लाइन नहीं टूटी। मंदिरों पर पूजा-अर्चना करने वालों की भीड़ पूरे दिन लगी रही। सिंहमहेश्वर व पतालेश्वर महादेव मंदिर सहित प्रमुख शिवालयों पर सांकेतिक रूप से मेला व धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।जगह जगह भंडारा के आयोजन में श्रद्धालुओं ने जमकर प्रसाद ग्रहण किया। वर्षों बाद संयोगवश इस वर्ष सावन के आठ सोमवार होने से पूरे दो माह भोले भक्तों ने शिवालयों में भक्तिभाव से महादेव की आराधना की।श्रावण माह के आखिरी आठवें सोमवार को मुख्यालय के पतालेश्वर, सिंहमहेश्वर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से शाम तक बम भोले व हर-हर महादेव की जयकार गूंजती रही। मंदिरों में शिव भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। देवाधिदेव महादेव के दर्शन पूजन और जलाभिषेक के लिए सुबह से दूध व गंगाजल से जलाभिषेक शुरू हो गया था। इस दिन शिव भक्तों ने फूल, बेलपत्र, धतूरा व फल के साथ पूजा- अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्ति की धुन लोगों को भावविभोर करती रही।वहीं पतालेश्वर व सिंहमहेश्वर महादेव मंदिर सहित जगह जगह भंडारा का आयोजन किया गया।जिसमे श्रद्धालुओं ने जमकर प्रसाद ग्रहण किया।आखिरी सोमवार को भीड़ को देखते हुए शहर के शिव मंदिरों में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के साथ ही सिविल डिफेंस की टीम जगह-जगह मुस्तैद रही।

भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर चस्पा किये गए पोस्टर