बिहार राज्य से राजेश मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि पर्याप्त संभावनाओं के बावजूद बिहार पिछड़ा है। यह ऐतिहासिक राज्य सभ्यता, संस्कृति और विकास का एक साथ परिचायक है। बिहारियों की प्रतिभा का लाभ लेने की जरुरत है। यह बातें सोमवार को कचहरी रोड स्थित ऑडिटोरियम में सोमवार को आयोजित विभा मंच से संबंधित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद राजीव प्रताप रुडी ने कही। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा जूता उत्पादक देश होने के बावजूद उत्पादन के मामले में बिहार शून्य क्यों है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से करीब 3 लाख 36 हजार करोड़ रुपया बिहार में आता है। इसका उपयोग कहां होता है इसके बारे में जानना जरुरी है। चंपारण का क्षेत्र कई मामलों में प्रसिद्ध है। योजनाओं के साथ चंपारण में प्रगति दिखने पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका नाम होगा। बिहार के पलायन को रोकना होगा। साथ ही विकास की सभी संभावनाओं को बिहार में दिखाना होगा। तभी यहां विकास होगा।

रक्सौल नगर परिषद कार्यालय के मुख्य पार्षद कक्ष में सोमवार को नगर परिषद बोर्ड की सशक्त स्थाई समिति की बैठक ईओ डॉ मनीष कुमार की उपस्थिति व मुख्य पार्षद धुरपति देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2023- 24 के लिए 83 करोड़ 45 लाख 32 हजार के बजट को अनुमोदित किया गया। जिस राशि से सम्राट अशोक भवन, पर्यावरण सुविधाएं, स्मार्ट वार्ड योजना, शहरी गरीबों के लिए मूल सुविधा, शहरी जलापूर्ति योजना, लैंड फिल साईट , मार्केट कांप्लेक्स, टाउन हॉल, पुस्तकालय, ठोस कचरा प्रोसेसिंग, तालाबों का सौंदर्यीकरण, पार्क निर्माण तथा नगर सौंदर्यीकरण आदि मद में व्यय करने का प्रावधान किया गया है। जिसे 12 अप्रैल को नगर परिषद बोर्ड की होनेवाली सामान्य बैठक में पारित किया जाएगा। वहीं उपमुख्य पार्षद सह समिति सदस्य पुष्पा देवी ने 60 पीस हाथ ठेला, 2 बभकट, 1 छोटा जेसीबी व 1 जैटिंग मशीन सहित अन्य उपस्करो की खरीदारी करने, पूर्व की बैठक में पार्षद कुंदन कुमार द्वारा पूर्व रोकडपाल मदन सिंह की असामयिक मृत्यु के उपरांत उनके पुत्र को अनुकंपा के आधार पर समायोजन करने की मांग और पार्षद पन्ना देवी द्वारा शहर में मिट्टी और बालू के ट्रैक्टर को ढककर प्रवेश कराने आदि से संबंधित प्रस्ताव को ईओ द्वारा अबतक कार्यवाही पुस्तिका में अंकित नहीं कराये जाने व मानसून पूर्व नालों की उड़ाही व सफाई कार्य सुनिश्चित कराने तथा शहर में पूर्व से पोल में लगे खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने का मुद्दा उठाया। पार्षद सह समिति सदस्य सोनू कुमार गुप्ता ने नगर परिषद में सरकार द्वारा सृजित कर्मियों के पद और उसके विरुद्ध कार्यरत कर्मियों, संविदा व दैनिक, आउट सोर्सिंग व नियमित कर्मियों के नाम , पदनाम व प्रतिमाह भुगतान की जानेवाली राशि का ब्यौरा उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। पार्षद अंतिमा देवी ने सामान्य प्रशाखा में प्रतिनियुक्त कर संग्राहकों को कार्यालय के कार्य से मुक्त कर उनके मूल कार्य कर संग्रहण में लगाने का मुद्दा उठाते हुए सागर गुप्ता सहायक को प्रधान सहायक सह लेखापाल का प्रभार देने का प्रस्ताव पारित किया गया।

चकिया अनुमंडल के केसरिया नगर पंचायत में होनेवाले चुनाव को लेकर प्रकाशित मतदाता सूची के प्रारूप पर दावा आपत्ति का आवेदन लेने का कार्य शुरू हो गया है। दावा आपत्ति के आवेदन लेने को लेकर वार्डवार अलग अलग पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। एसडीओ एसएस पांडेय ने बताया कि 18 अप्रैल तक दावा आपत्ति सम्बन्धी प्रपत्र में आवेदन का समय निर्धारित किया गया है। 6 से 24 अप्रैल तक दावा आपत्ति का निष्पादन किया जायेगा। अनुमंडल पदाधिकारी एसएस पांडेय ने बताया कि चुनाव से संबंधित अधिकारियों को कार्यों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। रिवाइजिंग अथॉरिटी के रूप केसरिया बीडीओ अमित कुमार के अधिन वार्ड सं 1से 4 तथा सीओ प्रवीण कुमार के जिम्मे वार्ड नं 5 से 8 एवं कल्याणपुर बीडीओ अरविंद कुमार के अधिन वार्ड संख्या 9 से 11तक का कार्य व्यवस्था सौंपा गया है।केसरिया व कल्याणपुर बीडीओ व केसरिया सीओ को मतदाता सूची तैयारी को लेकर निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

मधुबन से गुजरने वाली एनएच 104 पर कृष्णा नगर गांव के पास एक पिकअप के अनियंत्रित होकर कदम के पेड़ से टकरा जाने के कारण चालक की मौत हो गयी।मृत चालक शिवहर जिला के श्यामपुर भटहां गांव के अजादी राय का पुत्र मुकेश राय(35) था। ग्रामीणों ने बताया कि पिकअप मधुबन से शिवहर की ओर जा रही थी। इसी क्रम में पिकअप सड़क के किनारे लगे कदम के पेड़ से टकरा गयी। घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे मधुबन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लाया गया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ.तारिक इब्राहिम ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

शहर में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एनएच 28 से सटे कुड़वा पुल चौक के पास एकत्रित हुए तीन बदमाशों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक देसी कट्टा, तीन कारतूस, दो चाकू व दो मोबाइल बरामद की गयी है। एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अपराधकर्मियों के जमावड़े की सूचना पर सदर डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान छतौनी थाना के भवानीपुर जिरात मोहल्ला निवासी गोलू कुमार, लालू मियां उर्फ लालू बैठा तथा पीपराकोठी थाना के मझरिया निवासी नीरज कुमार कट्टा, कारतूस व चाकू के साथ पकड़े गए। गोलू पर पहले से छतौनी थाना में पांच मामले दर्ज है। छापेमारी में सदर डीएसपी के साथ प्रशिक्षु डीएसपी अजित कुमार, छतौनी थानाध्यक्ष विजय चौधरी, एएसआई संतोष कुमार सिंह तथा सशस्त्रत्त् बल के जवान शामिल थे।

पुलिस कर रही है आवेदन का इंतजार पहाड़पुर में युवक की गोली मार हत्या मामले में परिजनों ने अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया है। हत्या के करीब 36 घंटे बीतने के बाद भी थाना को आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मामले के संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के आधार पर व एफएसएल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

मुफस्सिल थाना के रुलही रोड में बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक सवार दो लोगों को लूटपाट के दौरान चाकू मार घायल कर दिया। अपराधकर्मियों की चाकूबाजी में घायल दोनों लोग पिता-पुत्र बताए जाते है, जो एक श्राद्धकर्म में भाग लेकर नगर थाना के गायत्री नगर मोहल्ला स्थित अपने आवास लौट रहे थे। दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में प्रमोद साह ने मुफस्सिल थाना पुलिस को बताया है कि शनिवार रात साढ़े नव बजे के करीब वे अपने पुत्र पंकज कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते मे रुलही गांव से पहले सुनसान जगह पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने कट्टा का भय दिखाकर उनकी बाइक रोकवा लिया तथा पॉकेट से रुपया व मोबाइल निकालने लगे। विरोध करने पर दोनों पिता-पुत्र को चाकू मारकर जख्मी कर दिया तथा दो हजार नकदी व दो मोबाइल फोन लूट ली। जख्मी हालत में ही दोनों सदर अस्पताल पहुंचे जहां उनका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हरसिद्धि के स्पंदा स्फूर्ति फाइनेंसियल लिमिटेड में 6 अप्रैल को हुई 38 हजार रुपये की लूटकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। लूटकांड में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने कट्टा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल व लूट की साढ़े चार हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधकर्मियों पर हरसिद्धि थाने में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है। एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हरसिद्धि थाना के कोबेया पुल के पास अपराधकर्मियों के जमावड़े की सूचना पर अरेराज डीएसपी रंजन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। गठित टीम ने घेराबंदी कर पुल के पास से चार अपराधकर्मियों को एक देसी कट्टा, दो जिन्दा कारतूस, दो बाइक व मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके पास से फाइनेंस ऑफिस से लूटी गई राशि मे से 4500 रूपये बरामद किए गए है। गिरफ्तार अपराधकर्मियों में हरसिद्धि थाना के कोबेया कान्ही टोला के सुभाष सहनी, घोघराहा निवासी अजय सहनी, धन खरैया निवासी नारद सहनी व कोबेया निवासी रंजन कुमार है। बदमाशों ने लूटकांड में संलिप्तता स्वीकार कर ली है। हरसिद्धि थाना कांड संख्या 195/ 23 बाइक लूटकांड में भी संलिप्तता स्वीकारी है। लूट की बाइक को इनलोगों ने नेपाल लेजाकर बेंच दिया है।

पीपरा के उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय, चिंतामनपुर के छात्र-छात्राओं को अब पढ़ने के लिए अच्छे वर्ग कक्ष एवं बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसके लिए बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम ने करीब 91 लाख की लागत से बनने वाले प्लस टू विद्यालय के भवन का निर्माण शुरू किया है। उक्त बातें पीपरा विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव ने शनिवार को कही। वे उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय, चिंतामनपुर के भवन निर्माण का शिलान्यास करने पहुंचे थे। बीएसईआईडीसी के जेई सरोज कुमार ने बताया कि इस प्लस टू विद्यालय भवन में ग्राउंड फ्लोर सहित तीन मंजिल होगी। जिसमें छह वर्ग कक्ष, सात शौचालय एवं एक गर्ल्स कॉमन रूम बनेगा। ग्राउंड फ्लोर व पहली मंजिल पर दो- दो वर्ग कक्ष एवं तीन- तीन शौचालय का निर्माण होगा। जबकि दूसरी मंजिल पर दो वर्ग कक्ष, एक छात्राओं के लिए कॉमन रूम एवं एक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इस भवन की प्राक्कलित राशि 91 लाख सात हजार 325 रुपए है।

जिले में यू-डायस प्लस में आंकड़ा प्रविष्टि को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रखंडवार तिथि का निर्धारण किया गया है। इस संदर्भ में  प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्य व संचालकों को पत्र के माध्यम से निर्देश जारी किया है। पत्र के माध्यम से बताया है कि यू-डाईस प्लस 2022-23 में छात्रवार ऑकड़ा प्रविष्टि हेतु आहूत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जिला स्तरीय कार्यालय के सभागार बिहार शिक्षा परियोजना, पूर्वी चम्पारण में पूर्वाह्न 10.30 बजे से किया गया है। विकसित पोर्टल पर ऑन लाईन प्रविष्टि से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। जिसमें सभी संबंधित विद्यालय के कम्प्यूटर दक्ष शिक्षक या स्टाफ को ससमय उक्त कार्याशाला में भाग लेना है। जिसके लिए कार्यशाला का आयोजन अलग-अलग तिथियों पर निर्धारित किया गया है।