सिसवन प्रखंड क्षेत्र के सिसवांकला पंचायत के वार्ड संख्या 12 के एक पूर्व वार्ड सदस्य द्वारा चुनाव हारने के बाद भी चेक के माध्यम से भुगतान करने का मामला प्रकाश मे आया हैं। मामले में वर्तमान वार्ड सदस्य सरोज देवी ने बीडीओ सूरज कुमार सिंह से आवेदन देकर इसकी शिकायत की है।आवेदन में बताया गया है कि पुर्व वार्ड सदस्या विद्यावती देवी वार्ड सदस्य का चुनाव हार गई थीं।उनकी जगह सरोज देवी निर्वाचित घोषित हुईं थी। 2021 में पंचायत चुनाव हारने के बावजूद वार्ड सदस्य विद्यावती देवी ने नियमों को ताक पर रखकर सचिव अंकेश कुमार साह व वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति के सचिव से सांठगांठ कर नल-जल योजना के निर्माण कार्य में लगी एजेंसी को चेक के माध्यम से नल-जल योजना के दो लाख नब्बे हजार रुपये का भुगतान कर दिया है। वहीं प्रखंड क्षेत्र के मुबारक पंचायत के वार्ड संख्या 03 के वर्तमान वार्ड सदस्य त्रिलोकी कुमार गोंड ने भी बीडीओ सूरज कुमार सिंह को आवेदन देकर पूर्व वार्ड सदस्य पर पंचायत चुनाव हारने के बावजूद भी वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति के खाते से पैसा निकासी का आरोप लगाया हैं। वर्तमान वार्ड सदस्य ने बीडीओ को दिए आवेदन में कहा है कि पूर्व वार्ड सदस्य द्वारा चेक के माध्यम से बीते 7 मई 2022 को वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति के खाते से अवैध रूप से 22 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। पूरे मामले में बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिला है, प्रखंड लेखापाल से जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है।
