पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत अरजुवा पंचायत के तेनुघाट डैम के गागा ग्राम के निकट बुढ़वाघाट पर शनिवार को  नहाने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई. इस सन्दर्भ में गागा ग्राम निवासी मृतक के पुत्र आकाश कुमार ने पेटरवार पुलिस को दिए लिखित आवेदन में कहा है कि शनिवार को दोपहर साढ़े बारह बजे मेरे पिता हीरालाल गंझु (50 वर्ष) नहाने के लिए गागा के निकट स्थित तेनुघाट जलाशय के बुढ़वा घाट में गए थे. जहां पर स्नान करने के दौरान उनका पैर पिछल गया और मेरे पिता तेनुघाट के जलाशय में डूब गए जिसके कारण उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी पाकर गोमिया विधायक डॉ लंबोदार महतो की पत्नी सह विधायक प्रतिनिधि कौशल्या देवी, पंचायत की मुखिया उर्मिला देवी घटना स्थल पर पहुंची. सूचना पाकर पेटरवार पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और तेनुघाट जलाशय से मृतक का शव बाहर निकाला गया. पुलिस ने  मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया है. इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि कौशल्या देवी एवं मुखिया उर्मिला देवी ने मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया. सांत्वना देते हुए आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलाने की बात कही.