प्रचंड गर्मी से अभी निजात नहीं मिल रही है।आसमान से सूर्य की किरणें आग उगल रही है। सुबह 8 बजे से ही घरों से बाहर निकला दुश्वार हो रहा है।गर्मी का सितम इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है कि लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।घरों में भी बिजली का फैन चलने पर गर्मी से कोई राहत नहीं मिलती दिखती है। लोग दिन में पेड़ की छांव को तलाशते फिर रहे हैं। इस साल की गर्मी पिछले दस साल की रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। जिससे गर्मी लोगों का जीना मुहाल कर दी है। गर्मी के कारण बुधवार को अधिकतम 41.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। इससे दिन में बाहर निकलने पर पछिया हवा के साथ चल रही हीट वेव शरीर को झुलसा दे रही है। लोग चेहरे को गमछा से ढंककर चल रहे हैं। पर इससे भी राहत के आसार नहीं है। सुबह से रात तक गर्मी का कहर जारी रहने से लोग रात में भी ठीक से नहीं सो पा रहे हैं। मौसम विभाग ने अभी और तापमान में वृद्धि होने को ले अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारीक ने बताया कि तापमान में अभी और वृद्धि की संभावना है।
