रक्षा के क्षेत्र में करियर देश में सबसे प्रतिष्ठित एवं सम्मानित करियर में से एक माना जाता है। ऐसे युवा जो उत्साह, साहस एवं चुनौतियों से भरे क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए रक्षा क्षेत्र सबसे बेहतर विकल्प है क्योंकि यह उनकी सारी पेशेवर उम्मीदों की पूर्ति करता है। भारतीय सशस्त्र बल समान रूप से पेशेवर सेवाएँ देने वाला भारत का सैन्य बल है जिसके अंतर्गत भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, भारतीय नौसेना एवं भारतीय तटरक्षक बल आते हैं। विभिन्न अर्ध-सैनिक बल संगठन एवं अंतर-सेवा संगठन भारतीय सशस्त्र बलों को सहायता प्रदान करते हैं। रक्षा मंत्रालय भारतीय सशस्त्र बलों के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार है।