संतकबीरनगरः  मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने रात में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरियांवा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक व अन्य कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली। जिसमें सभी कर्मी मौजूद मिले। निरीक्षण के दौरान वार्ड में गंदगी को लेकर नाराजगी जताई। सफाई व्यवस्था बेहतर करने के साथ परिसर में पथ प्रकाश व्यवस्था और ठीक करने का निर्देश दिया। सीएमओ रात्रि 11.15 बजे सीएचसी पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही लोगों में खलबली मच गई। सबसे पहले उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डा.सुरेश चंद्रा से ड्यूटी रजिस्टर मांगा। जिसमें डा.आर सी गौतम, फर्मासिस्ट प्रवेंद्र वर्मा, वार्ड ब्वाय राजेश गुप्ता, स्टाफ नर्स क्रांति, वार्ड आया शांति मौजूद रहीं। जिसमें 12 मरीज भर्ती किए गए थे। वहीं इमरजेंसी में रात्रि में 40 मरीजों का उपचार किया गया मिला। दो नार्मल डिलेवरी भी की गई थी जो कि प्रसूता वार्ड में भर्ती रहीं। वार्ड की सफाई बेहतर न होने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश चंद्रा से कहा कि गंदगी कहीं भी नहीं मिलनी चाहिए।