संतकबीरनगरः जिला कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चंद पांडेय की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दैनिक प्रयोग में आने वाली रसोई गैस की कीमतों पर आक्रोश जताया। कलक्ट्रेट पहुंचकरराज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप मढ़ा। कलक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसियों ने डीएम की अनुपस्थित में प्रशासनिक अधिकारी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चंद पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार ने गैस सिलेंडर के दामों पर दोहरा चरित्र अपना रही है। जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद पांडेय ने कहा कि वर्तमान में चल रहे पांच विधान सभा चुनावों में भाजपा ने एक बार फिर जनता के साथ जुमलेबाजी करना शुरू कर दिया है। गैस सिलेंडर 450 एवं 500 रुपए में देने का वादा कर रही है। जबकि जहां-जहां भाजपा की सरकार है वहां-वहां सिलेंडर बढ़े हुए दामों में मिल रहा है। वहीं विधान सभा चुनावों में इनके बड़े नेताओं ने 450 एवं 500 रुपए में सिलेंडर देने का जनता से झूठा वादा किया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी की नीयत साफ है तो पहले उत्तर प्रदेश की जनता को 450 और 500 रूपए में सिलेंडर दे कर अपनी डबल इंजन सरकार की नीयत स्पष्ट करें। कांग्रेस अपने हर वादों को कांग्रेस शासित राज्यों में गारंटी के साथ पूरा करने जा रही है। जिला प्रवक्ता सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा के झूठ और जुमलों से देश की जनता त्रस्त है, जिसका जवाब तीन दिसंबर को विधान सभा चुनावों के नतीजों के साथ देने जा रही है। इस अवसर पर जमुना प्रसाद, राजीव गोंड, संजय चौरसिया, सुनील कुमार पांडेय, रमेश चौधरी, दयाशंकर चौधरी, बिट्टू सिंह, जमाल अहमद, रेहान, परवेज, बाबूलाल गोंड, जेपी मिश्र, शिमू खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
