संतकबीरनगर । गोरखपुर-लखनऊ राजमार्ग पर दाना पानी रेस्टोरेंट के सामने शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दम्पति की मौत हो गई। वहीं मां की गोद में मौजूद उनकी डेढ़ साल की बच्ची घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ युवक बांसगांव इलाके में स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। मृतकों की पहचान संतकबीरनगर जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र के सरौली के प्रिंस पाण्डेय और उनकी पत्नी प्रीति पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रिंस पाण्डेय के पिता दिनेश पांडेय ने बताया प्रिंस अपनी पत्नी और बच्ची के साथ बाइक से बांसगांव थाना क्षेत्र के पकड़ी दामोदर गांव स्थित अपनी ससुराल के लिए निकला था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गीडा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया और परिजन से संपर्क में जुट गई। पिता के पहुंचने पर पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।