पोखरे में डूबने से 8 वर्षीय बालक की मौत दाउदपुर (मांझी) दाउदपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा बाजार स्थित पोखरा में डूबने से गुरुवार को एक 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक कोहड़ा बाजार निवासी गणेश साह का पुत्र विवेक कुमार बताया जाता है। शव बरामद होने के बाद मृतक के परिवार में हाहाकार मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विवेक सुबह में खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक गायब रहने के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान हीं आशंका होने पर जब पोखरे में तलाश की गई तो उसका शव बरामद हो गया। जिसके उसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं सूचना मिलने पर दाउदपुर थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम के निर्देश पर एएसआई उमाचंद्र शर्मा व मुखिया प्रतिनिधि ओमप्रकाश कुशवाहा ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजवा दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। माँ नयनतारा देवी, भाई भीम कुमार व आयुष कुमार समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर मौजूद ओमप्रकाश कुशवाहा समेत राजेश्वर साह, संजय साह, दिलीप प्रसाद, डॉ. जमीर, अनिल प्रसाद, अरुण कुमार सिन्हा समेत बड़ी संख्या में लोगों ने दुख प्रकट किया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
