किशनगंज जिले में तीन दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी व चिलचिलाती धूप से जल्द राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने 30 सितंबर से मौसम में फिर से बदलाव आने की संभावना जताई है। हथिया नक्षत्र में जमकर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि 30 सितंबर से मौसम में बदलाव आने से राज्य के कुछ जिलों में बारिश होगी। 30 से लेकर 3 अक्टूबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होगी। जिसमें 2 और 3 अक्टूबर को किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, कटिहार सहित करीब बीस जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वैसे शुक्रवार को तेज धूप व चिलचिलाती गर्मी से जिले में लोग परेशान रहे।
