किशनगंज जिले में लगातार बारिश ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है।सुबह करीब 10 बजे से 12 बजे तक हुई मूसलाधार बारिश से कई मुहल्ले जलमग्न हो गए।किशनगंज शहर के खगड़ा, रुईधासा, मोतीबाग, धरमगंज सहित कई मुहल्लों के निचले इलाकों के घरों में बरसात का पानी घुस गया। किशनगंज शहर के बीच से गुजर रही रमजान नदी का भी जलस्तर बढ़ गया। हालांकि मानसून की सक्रियता के बाद पांच दिनों से जमकर बारिश हो रही है। जिससे मौसम तो सुहावना हो गया है। लेकिन शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों की सूरत बिगड़ गयी है। शहर के रमजान नदी से सटे निचले इलाकों में बसे मुहल्ले पूरी तरह जलमग्न हो गए। शहर के कई निचले इलाके के वार्ड हैं जहां आज भी कच्ची सड़क है। वहां जलजमाव के कारण लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया।
