घर पर रह रहे बच्चों की दैनिक गतिविधि पर ट्विटर हैंडल से आईसीडीएस देगा जानकारी मुज़फ़्फ़रपुर : कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों की रोकथाम देश के साथ राज्य के लिए भी चुनौतिपूर्ण साबित हो रहा है. इस महामारी में सरकारी महकमा प्रत्येक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है. कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र भी लंबे समय से बंद है, जिसके कारण बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं. इस परिस्थिति में आईसीडीएस द्वारा संचालित अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन(ईसीसीई) कार्यक्रम की उपयोगिता बढ़ जाती है. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की दैनिक गतविधियों को रचनात्मक बनाना है. इसे ध्यान में रखते हुए आईसीडीएस ने @ICDS Bihar नाम से ट्विटर हैंडल की शुरुआत की है एवं इसके माध्यम से ईसीसीई के तहत बच्चों की दैनिक गतिविधि को बेहतर करने की जानकारी दी जा रही है.