लोकआस्था का महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। इस दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। जमुई जिला में छठ व्रतियों ने विभिन्न घाटों पर प्रचलित परंपराओं के मुताबिक डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दरम्यान विभिन्न जल श्रोतों पर स्थित छठ घाटों पर आस्था का जन सैलाब उमड़ा। जमुई शहर से सटे बहने वाली किऊल नदी के तट पर स्थित खैरमा घाट, सतगामा, बिहारी, कल्याणपुर, त्रिपुरारी घाट, गिद्धौर रतनपुर सहित अन्य छठ घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भारी संख्या में व्रती और श्रद्धालु नजर आए। वहीं विभिन्न तालाबों और जिला के अलग-अलग इलाकों में बनाए गए छठ घाटों पर भी व्रतियों की बड़ी तादाद नजर आई। कई छठ व्रतियों ने अपने घर के छत पर ही अर्घ्य दिया। लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर सम्पूर्ण जिला में खासा उत्साह देखने को मिला। छठ व्रतियों ने पवित्र नदी, तालाब, पोखर आदि जल श्रोतों में डुबकी लगाकर बड़े ही आस्था और विश्वास के साथ सूर्यदेव को नमन किया और उन्हें अर्घ्य अर्पित कर मनोकामना पूरा करने का वर मांगा।
