विश्व रोगी सुरक्षा दिवस 17 को ,स्वास्थ्य संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी सहित अन्य लोगों ने ली शपथ - एएनएम स्कूल सभागार में आज आयोजित होगी पोस्टर प्रतियोगिता - प्रत्येक वर्ष 12 से 17 सितंबर तक मनाया जाता है विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह मुंगेर, 15 सितंबर। विश्व रोगी सुरक्षा दिवस 17 सितंबर को मनाया जाएगा । इसके मद्देनजर सिविल सर्जन डॉ पीएम सहाय के निर्देशानुसार जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मी सहित अन्य लोगों ने रोगी सुरक्षा की शपथ ली। इसको ले राज्य स्वास्थ्य समिति के संजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के सिविल सर्जन को पत्र जारी कर विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह 12 से 17 सितंबर के दौरान विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया था। मुंगेर के सिविल सर्जन डॉ पीएम सहाय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 12 से 17 सितंबर के दौरान विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह और 17 सितंबर को विश्व रोगी सुरक्षा दिवस मनाया जाता है। इस दौरान विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों जैसे शपथ ग्रहण, पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से रोगी सुरक्षा के विभिन्न आयामों को परिलक्षित किया जाता है। इन कार्यक्रमों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना और अधिक से अधिक आमजनों तक इसकी जानकारी पहुंचाना है। इस वर्ष जनजागरुकता के लिए मेडिकेशन सेफ्टी थीम का चयन किया गया है। एएनएम स्कूल सभागार में आज आयोजित होगी मेडिकेशन सेफ्टी की थीम पर पोस्टर प्रतियोगिता : जिला स्वास्थ्य समिति के जिला योजना समन्वयक (डीपीसी) विकास कुमार ने बताया कि गुरुवार को जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों जैसे पी एचसी, सीएचसी, एपीएचसी, एचएससी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और आईसीडीएस के आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य और आईसीडीएस कर्मियों ने अपने समाज और राष्ट्र रोगी सुरक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास करने की शपथ ली । इसके साथ ही उन सभी लोगों ने उपचार की दवाइयों से होने वाले नुकसान को समाप्त करने पर विशेष ध्यान देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के प्रति प्रतिबद्ध रहने की शपथ ली। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को एएनएम स्कूल सभागार में मेडिकेशन सेफ्टी की थीम पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
