मुंगेर, 23 मई।19 जून से जिले भर में पोलियो अभियान चला कर नौनिहालों को पल्स पोलियो की खुराक दी जायेगी ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण सहित अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण शुरू किया जायेगा।जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार रौशन ने बताया कि अभियान के सफलतापूर्वक संचालन को लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद पोलियोकर्मी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पोलियोकर्मी अपने कार्यक्षेत्र में शतप्रतिशत पोलियो की खुराक पिलाने के साथ ही कोविड टीकाकरण करवाने के लिए भी लोगों को प्रेरित करेंगे। इसके साथ ही पोलियो चक्र में नियुक्त सभी सदस्य कोविड सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए पांच साल से कम उम्र के सभी बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ यानि पोलियो की खुराक देना सुनिश्चित करेंगे।
