*समाजसेवियों ने तुड़वाया संजय केशरी का आमरण अनशन* (कहा - शहर की नारकीय स्थिति की लड़ाई मिलकर लड़ेंगे) शहर की नारकीय स्थिति से आक्रोशित एनसीपी नेता संजय केशरी का आमरण-अनशन आज दूसरे दिन शहर के समाजसेवियों ने यह कहते हुए नीरा पिलाकर समाप्त करा दिया कि अब हमलोग मिलकर शहर की नारकीय स्थिति के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। प्रसिद्ध व्यवसाई दीपक जालान, सुनील कुमार सिंह, नरेश कुमार गुप्ता और सुबोध तांती आदि ने संयुक्त रूप से नीरा पिलाकर अनशन समाप्त कराते हुए कहा कि आज निगमायुक्त के पदभार ग्रहण करने से शहर की नारकीय स्थिति दूर होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। अनशन समाप्त करते हुए एनसीपी नेता संजय केशरी ने कहा कि नगर निगम के लूट-खसोट के मुद्दे पर हमारा संघर्ष जारी रहेगा। सफाईकर्मियों को वेतन महीना पूरा होते ही उन्हें उसी तर्ज पर वेतन मिले जिस तरह मजदूरों का पसीना सूखने के पहले उनका मजदूरी मिल जाती है। इस अवसर पर वरीय नेता अजय प्रसाद सिंह, सत्यनारायण साह, अब्दुल मन्नान, अभिषेक आनंद, बबलु गुप्ता, अजय सिन्हा, चन्दन गुप्ता एवं केशव केशरी सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।