*शहर की नारकीय स्थिति के खिलाफ संजय केशरी बैठे आमरण-अनशन पर* सफाईकर्मियों की 17 दिनों से हड़ताल के कारण नरक बन चुका मुंगेर कभी भी महामारी की चपेट में आ सकता है और बरसात होते ही सैकड़ों की संख्या में लोगों के बेमौत मरने का खतरा उत्पन्न हो गया है। उपर्युक्त बातें एनसीपी नेता संजय केशरी ने डीएम कार्यालय के समक्ष आमरण-अनशन पर बैठते हुए कहा। श्री केशरी ने कहा कि शहर और सफाईकर्मियों की नारकीय स्थिति का एकमात्र जिम्मेदार मुंगेर सांसद ललन सिंह हैं जिन्होंने मुंगेर डीएम के हाथ-पैर बांध रखे हैं और नगर आयुक्त को पदभार ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। श्री केशरी ने कहा कि अगर मुंगेर सांसद चाह लें तो पांच मिनट में हड़ताल समाप्त होकर शहर की दुर्दशा दूर हो सकती है। श्री केशरी ने कहा कि क्षुद्र राजनीति के कारण मुंगेर के लोगों का जान दांव पर लगा दिया गया है जिसका शीघ्र ही खुलासा सबूत के साथ किया जाएगा। श्री केशरी के साथ अनशन पर अभिषेक आनंद, चन्दन गुप्ता, अजय सिन्हा एवं बबलु गुप्ता डटे रहे। अनशन-स्थल पर वरीय नेता अजय प्रसाद सिंह, महिला नेत्री संयुक्ता कुमारी, सत्यनारायण साह, सखीचंद यादव, रामबिनय कुमार एवं शंकर यादव सहित अनेकों कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर अपना समर्थन दिया।
