*अड़तालिस घंटों में सफाईकर्मियों को मिले वेतन वर्ना अनशन-सत्याग्रह - केशरी* एनसीपी नेता सह मेयर प्रत्याशी संजय केशरी ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत नगर निगम के मुख्य द्वार पर लाउडस्पीकर से हल्ला बोल कार्यक्रम करते हुए अड़तालिस घंटों में सफाईकर्मियों को तीन माह का बकाया वेतन देकर हड़ताल समाप्त कराने अन्यथा अनशन-सत्याग्रह का अल्टीमेटम दिया। श्री केशरी ने कहा कि नगर निगम हमारे टैक्स का बहत्तर प्रतिशत से अधिक नाजायज टैक्स लेने के अलावा तीन सौ साठ रुपए सालाना सफाई के नाम पर अलग से ले रहा है और टैक्स बकाया रहने पर दंडस्वरूप चक्रवृद्धि ब्याज ले रहा है लेकिन हमें सफाई नहीं और सफाईकर्मियों को वेतन नहीं तो फिर हमारे टैक्स का पैसा जा कहां रहा है। श्री केशरी ने कहा कि जो सफाईकर्मी शहर को नरक बनने से बचाते हैं वेतन नहीं देकर उनके जीवन को नारकीय बनाया जा रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नगर विकास मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें मुंगेर आगमन पर भी सफाईकर्मियों का दर्द महसूस नहीं हो रहा है। हल्ला बोल कार्यक्रम में संयुक्ता कुमारी, सोनी सिन्हा, अजय प्रसाद सिंह, चन्दन गुप्ता, राजीव शर्मा, संजीव कुमार, बबलु गुप्ता, शंकर यादव, रामबिनय कुमार, सखीचंद यादव एवं सत्यनारायण साह आदि शामिल थे।