*सरकारी कार्यालयों एवं आवासों में प्रीपेड मीटर लगाने को लेकर गांधीगिरी* (बड़े बकायेदारों को छोड़कर छोटे बकायेदारों की बिजली काटना आपत्तिजनक) सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों तथा आवासों में प्रीपेड मीटर लगाने को लेकर एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने डीएम कार्यालय पर गांधीगिरी किया तथा गुलाब के फूल के साथ डीएम को ज्ञापन सौंपा। गांधीगिरी करते हुए एनसीपी नेता संजय केशरी ने सवाल किया कि प्रीपेड मीटर नहीं लगाने वाले आम बिजली उपभोक्ताओं को बिजली विभाग बिजलीचोर समझता है तो अब तक किसी भी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों तथा आवासों में प्रीपेड मीटर नहीं लगाने से क्या उन सभी जगहों पर बिजली चोरी हो रही है ? श्री केशरी ने कहा कि बिजली विभाग लाख रुपए से ज्यादा बकायेदारों की बिजली काटने के स्थान पर छोटे-छोटे बकायेदारों का बिजली काट रहा है जिसके खिलाफ जनाक्रोश तेजी से भड़क रहा है। एनसीपी श्रमिक नेता संजय केशरी ने कहा कि अब तक प्रीपेड मीटर का सीपीआरआई जांच रिपोर्ट और एमआरटी सर्टिफिकेट सार्वजनिक नहीं किया जाना भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। श्री केशरी ने डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में अल्टीमेटम देते हुए कहा कि एक सप्ताह में सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड मीटर लगाना शुरू नहीं होने पर *ताली बजाओ - थाली बजाओ* प्रदर्शन किया जाएगा। गांधीगिरी कार्यक्रम में संयुक्ता कुमारी, सोनी सिन्हा, बीणा देवी, सत्यनारायण साह, सखीचंद यादव, मो० तनवीर अख्तर, अजय प्रसाद सिंह, राजीव शर्मा, बबलु गुप्ता, आजाद शर्मा, चन्दन गुप्ता, अजय सिन्हा, शंकर यादव एवं ललन सिन्हा सहित अनेकों कार्यकर्ता शामिल थे।
