दर्जनों सहारा पीड़ित निवेशकों ने आज एनसीपी नेता संजय केशरी के आवास का घेराव किया तथा सहारा समूह में अपनी जीवन भर की फंसी हुई जमाराशि को वापस कराने की गुहार लगाई।इसके बाद सभी निवेशकों से विचार-विमर्श के पश्चात "सहारा पीड़ित निवेशक मंच" का गठन किया गया जिसके अध्यक्ष संजय केशरी बनाये गये। इस अवसर पर उपस्थित सभी निवेशकों को संबोधित करते हुए श्री केशरी ने कहा कि सहारा समूह द्वारा निवेशकों की परिपक्वता राशि का भुगतान नहीं किया जाना गंभीर आपराधिक कृत्य है जिसके खिलाफ सहारा पीड़ित निवेशक मंच कानून की अदालत के साथ-साथ जनता की अदालत में भी लड़ाई लड़ेगा। श्री केशरी ने कहा कि प्रथम चरण में सभी निवेशकों द्वारा मुंगेर डीएम, सास्थिक वित्त निदेशालय, पटना एवं आर्थिक अपराध इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक को जमाराशि की पूर्ण विवरणी के साथ आवेदन दिलाया जाएगा। उसके बाद द्वितीय चरण में छोटे-छोटे निवेशकों का समूह बनाकर पटना उच्च न्यायालय में केस दर्ज कराया जाएगा।
