आयुष्मान कार्ड के पात्र लाभर्थियों से सम्पर्क कर कार्ड बनवाने को जागरूक करेंगे विकास मित्र : डीडीसी - जिला परिषद सभागार में प्रखण्ड विकास मित्र एवं यूटीआई के एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आयुष्मान गोल्डन कार्ड के पात्र लाभर्थियों से सम्पर्क कर उन्हें कार्ड बनवाने के लिए जागरूक करेंगे विकास मित्र । उक्त बातें शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित प्रखण्ड विकास मित्र और यूटीआई के एक दिवसीय कार्यशाला का उदघाटन करते हुए मुंगेर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) संजय कुमार ने कही। उन्होंने बताया कि हमारे विकास मित्र ग्रासरूट स्तर के सशक्त सदस्य हैं जिनसे पंचायत स्तर पर कोई भी परिवार अछूता नहीं है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मैने इस योजना से विकास मित्रों को जोड़ा है। ये लोग पात्र लाभर्थियों को सीएससी और यूटीआई तक ले जाकर उनका आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाएंगे। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार से अमीर आदमी अपने और अपने पूरे परिवार का हेल्थ इंश्योरेंस करवाते ताकि जरूरत पड़ने पर विभिन्न अस्पतालों में इलाज के दौरान उन्हें और उनके परिवार को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और पैसे के कारण उनका इलाज प्रभावित न हों । ठीक उसी प्रकार भारत सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब लाभार्थियों को 5 लाख रुपये प्रति वर्ष प्रति परिवार को भारत के किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में मुफ्त इलाज का आश्वासन देती है।
