धरहरा (संवाददाता) :- शनिवार की देर शाम धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर रेलवे स्टेशन के समीप हटिया से नक्सली नकुल कोड़ा की गिरफ्तारी को जहां पुलिस अपनी बड़ी सफलता मान रही है वहीं क्षेत्र में नक्सलियों के द्वारा एक बड़ी घटना को अंजाम देने की जानकारी मिलने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। आपको बता दें कि नक्सली नकुल कोड़ा नक्सलियों के शीर्ष नेता प्रवेश दा का काफी करीबी माना जा रहा है। सनद रहे कि पिछले कुछ महीनों से धरहरा के पहाड़ी जंगलों में नक्सली के देखे जाने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद एक शीर्ष नेता के करीबी के द्वारा दशरथपुर स्टेशन व आसपास के क्षेत्रों का रेकी करना ईटवा,भलार, दशरथथी,पचरुखी सहित दर्जनों गांव के ग्रामीणों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
