बिजली विभाग, जिला प्रशासन और सुशासन के पहरुए चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ उबल रहे जनाक्रोश को देखकर समय रहते संभल जाएं नहीं तो जनाक्रोश की उपेक्षा बहुत महंगी पड़ेगी। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने बासुदेवपुर दुर्गास्थान परिसर में बिजली उपभोक्ताओं की आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा। श्री केशरी ने आगे कहा कि किसी भी कीमत पर चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर आमादा बिजली विभाग पहले सभी सरकारी तथा अर्द्धसरकारी कार्यालयों एवं पदाधिकारियों के आवासों में लगाकर दिखावे। श्री केशरी ने बिजली विभाग, एजेंसी कर्मियों एवं प्रशासन को आगाह किया कि दहशत फैलाने से बाज आए और कोरोना से तबाह आम उपभोक्ताओं की परेशानियों को समझें। बैठक की अध्यक्षता कर रही महिला नेत्री संयुक्ता कुमारी ने कहा कि हमलोग कोई भी कुर्बानी दे देंगे लेकिन चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने नहीं देंगे। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर के कारण होनेवाले परेशानियों से लोगों को अवगत कराने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर अजित सिंह, निर्भय सिंह, अनिल मालाकार, अजय प्रसाद सिंह, रंजीत मिश्रा, श्रवण सिंह, कंचन देवी, सोनी देवी, बिंदु देवी, मुन्ना सिंह, संजय कुशवाहा, संतोष झा एवं अमित मिश्रा सहित अनेकों विद्युत उपभोक्ता उपस्थित थे।