चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ चलाए जा रहे हमारे अभियान को वकीलों का सहयोग, आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलने से सफलता मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने विधिज्ञ संघ में समर्थन अभियान चलाते हुए कहा। अधिवक्ताओं के मिल रहे व्यापक समर्थन से उत्साहित संजय केशरी ने कहा कि बिजली विभाग को चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाना बंद करना तो होगा ही लगाये गये चाइनीज मीटरों को उखाड़ना भी पड़ेगा। एनसीपी नेता संजय केशरी ने आगे कहा कि स्वदेशी स्मार्ट प्रीपेड मीटर निर्माण होने तक बिजली विभाग को हर हाल में चाइनीज मीटर रोकना ही होगा। विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता दामोदर महतो ने कहा कि चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ अधिवक्ता वर्ग पूरी तरह से संजय केशरी के अभियान के समर्थन में है। विधिज्ञ संघ के वरीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता चन्द्र भानु साहू ने कहा कि यह चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर कुछ दिनों के बाद शर्तिया खराब होना ही होना है जिसका पूरा भार उपभोक्ताओं के माथे पर आने वाला है। वरीय अधिवक्ता अवधेश कुंवर ने श्री केशरी के अभियान को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण का सरकारी हथकंडा है। अधिवक्ता यशवंत सिंह ने कहा कि चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर आने वाले समय में चाइनीज बम साबित होने वाला है। इसके अलावे भी अनेकों अधिवक्ताओं ने समर्थन देते हुए तन-मन-धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर वरीय नेता अजय प्रसाद सिंह, आजाद शर्मा, मो० शाहनवाज़, शंकर यादव, किशन मंडल, राजेश कुमार मिश्रा, संजीव कुमार, अजय प्रसाद आदि उपस्थित थे।