दिलीप साहेब, आपकी फिल्में, आपके डायलॉग, कभी नहीं मरेंगे : अभिनेता राजन कुमार मुम्बई से 2 हजार किमी दूर मुंगेर में बाफ्टा के कलाकारों ने अनोखे अंदाज में दिलीप कुमार को दी श्रद्धांजलि बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का आज 7 जुलाई को 98 साल की उम्र में निधन हो गया। दिलीप कुमार को अपना फेवरेट एक्टर मानने वाले हीरो राजन कुमार ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बफ्टा अर्थात बिहार फ़िल्म एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन के फाउंडर प्रेसिडेंट राजन कुमार ने संस्था की ओर से दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि पेश की। मुम्बई से 2 हजार किलोमीटर दूर मुंगेर में बाफ्टा के कलाकार दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि देने में नहीं चूके। दिलीप कुमार की तस्वीर पर फूलों की माला पहना कर राजन कुमार और बाफ्टा के दूसरे कलाकारों ने उस महान सुपर स्टार को ट्रिब्यूट प्रस्तुत किया। आपको बता दें कि दिलीप कुमार पिछले काफी समय से उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे और उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था और आज उन्होंने अंतिम सांस ली। राजन कुमार ने कहा कि बॉलीवुड में 'ट्रैजेडी किंग' के नाम से पहचाने जाने वाले दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का दुनिया से यूं चला जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उनके निधन से हम सब बेहद दुखी हैं। मैं चाहता हूं कि ऊपर वाला सायरा बानो को धैर्य रखने की हिम्मत दे। मैं खुशकिस्मत रहा कि मेरी उनसे एक बार मुलाकात हो चुकी थी, मुझे वो मुलाकात आज भी याद है और उम्र भर याद रहेगी। हिंदी सिनेमा को 'मुगले आजम', 'देवदास' 'गंगा जमुना', सौदागर जैसी बेहतरीन फिल्में देने वाले अभिनेता ने करीब 5 दशक तक सिल्वर स्क्रीन पर राज किया। दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की बेशुमार शानदार फिल्में हैं जो आज भी लाजवाब हैं और जिन्हें गौर से देखकर उभरता हुआ एक्टर अदाकारी की बारीकियां सीख सकता है। अभिनेता राजन कुमार ने आगे कहा कि दिलीप साहब अपने आप मे एक संस्था थे। भारतीय सिनेमा का इतिहास उनके नाम के बिना अधूरा रहेगा। हम जैसे एक्टर्स के लिए दिलीप साहब हमेशा हीरो रहे हैं और रहेंगे। हिंदी फिल्म जगत की इस क्षति पर गहरा शोक जताते हुए राजन कुमार ने आगे कहा कि वह एक लिजेंड्री अभिनेता थे। वह संवाद अदायगी में मील का पत्थर साबित हुए। वो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। फिलहाल बफ्टा प्रेजेंट्स "मुंगेर फ़िल्म डायरेक्टरी" की तैयारियों में व्यस्त राजन कुमार ने कहा कि वह बचपन से ही दिलीप कुमार की फिल्में देखते आए हैं। उन्होंने अपनी फिल्मों और अपने किरदारों के जरिये हम सब को प्रेरित किया है और आगे भी करते रहेंगे। अलविदा दिलीप साहेब, आपकी यादें आपकी फिल्में आपके डायलॉग, आपके गाने कभी नहीं मरेंगे।"
