*हर हाल में स्थापित होगा मुंगेर में मेडिकल कॉलेज - केशरी* (मुंगेर मांगे मेडिकल कॉलेज अभियान के तहत एनसीपी का उपवास-सत्याग्रह) सांसद ललन सिंह के नहीं चाहने के बावजूद भी मुंगेर में मेडिकल कॉलेज उसी तरह से स्थापित करायेंगे जिस तरह से मुंगेर में विश्वविद्यालय स्थापित कराया था। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने सम्पूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर अपने आवासीय कार्यालय में एकदिवसीय उपवास-सत्याग्रह करते हुए कहा। उन्होंने मुंगेर सांसद ललन सिंह पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि मुंगेर में स्थापित होने वाले मेडिकल कॉलेज को बेगुसराय ले जाने की साज़िश के तहत वो जान-बूझकर रोड़े अटका रहे हैं। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि जैसे ही रेल सह सड़क पुल का सड़क पुल चालू हो जाएगा वैसे ही बेगुसराय में मेडिकल कॉलेज की घोषणा करवाकर मुंगेर मेडिकल कॉलेज की मांग को खारिज कर दिया जाएगा। एनसीपी नेता संजय केशरी ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल समाप्त होते ही टाउन हॉल में एक आम सभा आयोजित कर मेडिकल कॉलेज के लिए "जनसंकल्प प्रस्ताव" पारित कराया जाएगा। वरीय नेता नरेश कुमार गुप्ता एवं अजय सिंह ने कहा कि छह जिलों का प्रमंडलीय एवं छह विधानसभाओं का संसदीय मुख्यालय मुंगेर में अब तक मेडिकल कॉलेज स्थापित नहीं होना सुशासन के चेहरे पर बदनुमा दाग है। प्रदेश महासचिव राजीव शर्मा ने कहा कि मुंगेर में मेडिकल कॉलेज स्थापित हुआ रहता तो मुंगेर से रेफर अनेकों लोगों को बेमौत मरने से बचाया जा सकता था। अब भी मेडिकल कॉलेज स्थापित कराकर आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को बेमौत मरने से बचाया जा सकता है। उपवास-सत्याग्रह कार्यक्रम में शंकर यादव, चन्दन गुप्ता, रतन सिन्हा, आजाद शर्मा, निरंजन गुप्ता, रामबिनय कुमार एवं ललन बिंद आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
