वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार की शाम बरियारपुर पुलिस ने घोरघट बेली ब्रिज के समीप अपाचे बाइक से बड़ी संख्या में अर्ध निर्मित हथियार एवं हथियार बनाने वाली सामग्री बरामद करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बरियारपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन एवं अपर थानाध्यक्ष उमेश सिंह ने बताया कि एनएच पर सोमवार की देर संध्या वाहन चेकिंग चलाया जा रहा था। इसी क्रम में मुंगेर से भागलपुर की ओर जा रही एक अपाचे बाइक की जांच की गई। इसी क्रम में बाइक से 8 अर्ध निर्मित पिस्टल, 8 पिस्टल का बैरल, 8 गोल स्प्रिंग, 8 चौड़ाई स्प्रिंग बरामद किया गया। बरामद सामग्री के साथ बाइक चला रहे कोतवाली थाना क्षेत्र के मो. मुस्ताक अंसारी का पुत्र अकील अंसारी को गिरफ्तार करते हुए बाइक को जब्त कर दो मोबाइल भी जब्त की गई। गिरफ्तार अकील अंसारी की निशानदेही पर मोबारकचक स्थित महरूम हुसैन के का पुत्र मोहम्मद जफ्फर उर्फ मिट्ठू के गैरेज से सात अर्ध निर्मित पिस्टल, 3 गोल स्प्रिंग, 7 चौड़ाई स्प्रिंग, 7 पिस्टल का बैरल, 3 छेनी, एक पेचकस एवं एक मोबाइल बरामद करते हुए मोहम्मद जफ्फर उर्फ मिट्ठू को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।
