मुंगेर, 23 मार्च| जिला स्वास्थ्य समिति मुंगेर के सभागार में मंगलवार को सदर अस्पताल मुंगेर सहित जिले के सभी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लेबर रूम और ऑपरेशन थियेटर में बेहतर तरीके से काम करने वाली जीएनएम और एएनएम को जिले के सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र आलोक, डीपीएम नसीम रजि ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया । सम्मानित होने वाली सभी जीएनएम और एएनएम का चुनाव कॉम्पटेंसी बेस्ड स्किल असेस्मेंट रैंकिंग ( सीबीएसएआर) के आधार पर किया गया है। इस रैंकिंग के आधार पर लेबर रूम और ओटी में काम करने वाली सदर अस्पताल मुंगेर की जीएनएम निधि कुमारी ने जिले भर में सर्वोच्य स्थान प्राप्त किया है। उन्हें रिवॉर्ड के रूप में 5000 रुपये का चेक सिविल सर्जन और डीपीएम ने संयुक्त रूप से प्रदान किया । इसके साथ ही जिले के सभी प्रखण्डों में कॉम्पटेंसी बेस्ड स्किल रैंकिंग के आधार पर सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली जीएनएम और एएनएम को भी 3000 रुपये का चेक प्रदान किया गया। जिले भर में टॉप करने वाली निधि कुमारी और सभी प्रखंडों में टॉप करने वाली जीएनएम और एएनएम को रिवॉर्ड की राशि पब्लिक फण्ड मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) या डायरेक्ट बेनिफिसरी ट्रांसफर ( डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके एकाउंट में भेजी जाएगी।