पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि और उनके द्वारा प्रेरित योग्य लाभुकों के टीकाकरण के लिए आज चलेगा विशेष अभियान - राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने सभी जिलों के जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को पत्र जारी कर दिया निर्देश - सदर अस्पताल मुंगेर सहित जिले के सभी प्रखण्डों में शुक्रवार को चलाया जाएगा विशेष टीकाकरण अभियान। मुंगेर, 11 मार्च| पंचायती राज संस्थानों के जनप्रतिनिधियों और उनके द्वारा प्रेरित कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में लाए गए योग्य लाभुकों के लिए शुक्रवार 12 मार्च को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। सदर अस्पताल मुंगेर सहित जिले के सभी अस्पताल और सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शुक्रवार को 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी और 45 से 59 वर्ष उम्र के गंभीर बीमारी से ग्रसित पंचायती राज संस्थानों के जनप्रतिनिधि और उनके द्वारा प्रेरित कर लाए गए योग्य लाभुकों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। इस सम्बंध में राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को पत्र जारी कर निर्देश जारी किया है।