धरना प्रदर्शन के नौवें दिन फूंका गया मुख्यमंत्री का पुतला अनुराग पोद्दार के परिवार को न्याय दिलाने एवं दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई हेतु अखिल भारतीय अंतर जातीय अंतर धार्मिक कमिटी का अनिश्चितकालीन धरना आज नवां दिन भी जारी रहा। धरना क्रम में ही दोपहर 1:00 बजे कमेटी के अध्यक्ष नरेश गुप्ता, जिला राजद के उपाध्यक्ष सह राज्य परिषद सदस्य प्रोफेसर विनय कुमार सुमन एवं एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केसरी के संयुक्त नेतृत्व में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला धरना स्थल के सामने ही जलाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नरेश गुप्ता ने कहा कि आज धरना का नौवां दिन है फिर भी जिला प्रशासन द्वारा अभी तक कोई नोटिस नहीं लेना सरकार की उदासीनता को दर्शाता है। जिला राजद के उपाध्यक्ष प्रोफेसर विनय कुमार सुमन ने कहा कि राज्य सरकार मगध प्रमंडल के आयुक्त असंगबा को इस कांड की जांच हेतु भेज कर इस घटना की लीपा पोती करना चाहती है । हम केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की नीतीश सरकार से मांग करते हैं कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दिन पुलिस द्वारा की गई लाठी एवं गोली कांड की जांच सीबीआई से कराई जाए तथा मृतक अनुराग पोद्दार की बहन को शीघ्र नौकरी एवं 50 लाख मुआवजा राशि दी जाए । वहीं संजय केसरी ने कहा कि जब तक इस कांड के दोषी पुलिस पदाधिकारियों पर कार्यवाही नहीं हो जाती तब तक हमारा धरना जारी रहेगा तथा आगे हम आंदोलन को और तेज करने पर विवश होंगे ।इस अवसर पर राजद नेता अशर्फी यादव राजद एससी-एसटी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अशोक रजक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद शकील अहमद ,सुबोध कुमार ताती, रोबिन शर्मा, अजय प्रसाद सिंह, मोहम्मद सज्जाद, रुपेश पासवान, सरोज कुमार, दिनेश कुमार आदि उपस्थित थे।