एमयू ने बढ़ाई स्नातक पार्ट वन में नामांकन की तिथि मुंगेर विश्वविद्यालय ने 10 अक्टूबर से सत्र 2020 -23 स्नातक पार्ट वन में नामांकन के लिए यूएमआईएस पोर्टल खोला है। जिसमें फर्स्ट मेरिट लिस्ट में चयनित 28936 छात्र छात्राओं को संबंधित कॉलेजों में नामांकन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 17 अक्टूबर तक का समय दिया गया था,लेकिन अब नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है ।अब छात्र 2 नवंबर तक नामांकन करा सकते हैं। मुंगेर विश्वविद्यालय के नोडल पदाधिकारी डॉ अमर कुमार ने बताया कि सत्र 2020-23 स्नातक पार्ट वन में नामांकन की अंतिम तिथि विधानसभा चुनाव और दुर्गा पूजा पर्व को लेकर बढ़ाई गई है ।अब फर्स्ट मैरिट लिस्ट में चयनित छात्र छात्राएं 2 नवंबर तक अपने संबंधित कॉलेजों में नामांकन करा सकेंगे। बता दें कि एमयू द्वारा 27 जून से 12 सितंबर तक सत्र 2020-23 स्नातक पार्ट वन के नामांकन को लेकर ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था, जिसमें अंतिम तिथि तक कुल इन तीनों संकायों के लिए कुल 52351 आवेदन दिए गये थे।