पूरब सराय रेलवे ब्रिज के नीचे जलजमाव से निजात हेतु निगम प्रशासन ने दिखाई प्रतिबद्धता - पथ निर्माण विभाग को लिखा पत्र आए दिन मुंगेर शहर में बारिश होते हघ पूरब सराय रेलवे ब्रिज के नीचे जलमग्न हो जाना आम बात है ।यह शहर में प्रवेश होने के मुख्य मार्ग होने के कारण इससे होकर आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है ।पूरबसराय रेलवे ब्रिज के नीचे का मार्ग इस कदर जलमग्न हो जाता है कि मानो यह कोई बड़ा तलाब हो ।वाहनों की आवाजाही तो दूर इस मार्ग से होकर आम जनों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है ।बारिश समाप्त होते ही लोगों को कमर भर पानी में प्रवेश कर इस मार्ग से आरपार होना पड़ता हैं । इस पार से उस पार जाने के लिए लोगों को काफी घूमना पड़ता है ।पूरबसराय एजुकेशन हब होने तथा पास में बी आर एम कॉलेज होने से मजबूरन छात्र एवं छात्राओं को कमर भर पानी में सायकिल लेकर आर पार करते देखा गया है।आमजन इस समस्या को लेकर नगर निगम को कोसते नजर आते हैं ।इस परेशानी से आक्रोशित होकर स्थानीय लोग बांस लगाकर सड़क जाम कर अपना रोष भी व्यक्त कर चुके हैं।वहीं राजनीतिक पार्टी द्वारा भी इससे निजात हेतु रेलवे ब्रिज के पास एक दिवसीय धरना भी दे चुके है ।बावजूद अभी तक इससे निजात नहीं मिल पाई है। मई समाप्त होते ही मानसून प्रवेश करने वाली है ।ऐसे में शहरवासियों को रेलवे ब्रिज के नीचे जलजमाव की समस्या ताजी हो जाती है ।वहीं नगर आयुक्त श्रीकांत शास्त्री ने जलजमाव होने के कारणों का जिक्र करते हुए कहा कि पूरबसराय रेलवे ब्रिज के नीचे का रास्ता का लेवल नाले के लेवल से डाउन है।जिससे जल का निकास सही से नहीं हो पाता है। ओवरब्रिज बनने के समय ही चूक हो गई है।अब इससे पूर्णतः निजात मिलना हमें मुश्किल लगता है।अब मात्र एक ही उपाय बचा है कि रेलवे ब्रिज के नीचे के दो मार्ग में से एक मार्ग को थोड़ा ऊंचा कर दिया जाए ताकि इससे होकर पैदल यात्री,दोपहिया वाहन ,कम ऊंचा वाहन जलजमाव की स्थिति में भी बिना परेशानी से आर पार हो पाए।उन्होंने बताया कि इसको लेकर हमने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को एक सप्ताह पूर्व पत्र लिखे है।पथ निर्माण विभाग ने भी इस पत्र के आलोक में संज्ञान लेते हुए रेलवे के अधिकारी को एक मार्ग को ऊंचा करने हेतु परमिशन मांगा है। परमिशन मिलते ही पथ निर्माण विभाग दो में से एक मार्ग को ऊंचा करेंगे ।जिससे इस मार्ग से होकर छोटे वाहन,सायकिल चालक एवं पैदल यात्री को आने जाने में सहूलियत होगी ।