मांझी। बीती रात्रि मांझी थाना क्षेत्र के सोनबरसा मठिया गांव में एक युवती द्वारा बन्द कमरे में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सुबह देर तक दरवाजा नही खुलने पर परिजनों ने अंदर झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। फांसी के फंदे पर झूलती युवती को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए तथा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पाकर एसआई शिवनाथ राम के नेतृत्व में पहुंची मांझी थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर पहले शव में लगे रस्सी का फंदा काटकर हटाया। फिर शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। मृतिका शारदा कुमारी 18 वर्ष सोनबरसा मठिया गांव निवासी श्याम कुमार साह की पुत्री बताई जाती है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात्रि खाना खाकर सभी लोग छत पर सोने चले गए। इसी बीच शारदा के मोबाईल पर फोन आने के बाद वह उठकर बात करती हुई नीचे के कमरे में सोने चली गई। सुबह नींद से जगने के बाद परिजनों ने शारदा के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक परिजनों ने उसे पुकारकर दरवाजा खोलने के लिये आवाज लगाई। बाद में दरवाजा नही खुलने से सशंकित परिजनों ने अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। शारदा का शव पंखे से झूलता देख परिजनों ने शोर मचाना शुरू किया। तबतक आसपास के अनेक लोग जमा हो गए। बाद में पुलिस के पहुंचने के बाद शव को बाहर निकाला गया। घटना के सम्बंध में पूछे जाने पर पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि मृतिका का अपने होने वाले पति से किसी मुद्दे पर फोन पर कहासुनी होने की जानकारी मिली है। इसी बीच दोनों के बीच किसी मुद्दे पर गम्भीर मतभेद होने के कारण आत्महत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद दहाड़ मार कर रो रहे परिजन भी इस बात की पुष्टि कर रहे थे। मालूम हो कि इसी वर्ष के नवम्बर महीने में मृतिका की शादी स्थानीय चकिया गांव में होने वाली थी। उसके होने वाले पति ने ही उसे मोबाईल भी खरीद कर दिया था। हालाँकि समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु कोई आवेदन नही दिया था। और पुलिस परिजनों का इंतजार कर रही थी। उधर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मांझी श्मसान घाट पर शव का दाह संस्कार कर दिया।