कांटी के अंचल अधिकारी शिवशंकर गुप्ता के स्थानांतरण के विरोध में प्रखंड के जनप्रतिनिधियों व विभिन्न दलों के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। जनप्रतिनिधि अंचल अधिकारी के समर्थन में उतर आए हैं। सोमवार को प्रमुख मुकेश पांडेय की अध्यक्षता में प्रखंड मुख्यालय में हुई बैठक में एक स्वर से स्थानांतरण रोकने की मांग की गई। प्रमुख ने कहा कि जनता के हित में कांटी अंचलाधिकारी के तबादले को रद्द किया जाए। कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को मात्र दस माह के कार्यकाल में तबादला कर दिया गया है। जो कहीं से उचित नही हैं। भाजपा पंचायतीराज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शशि ठाकुर व जदयू प्रखंड अध्यक्ष महेश प्रसाद साह ने कहा कि अंचल अधिकारी के कार्यकाल में व्यवस्था बेहतर हुई है। आपदा या अन्य समस्याओं का तत्परता से समाधान किया जाता है। अंचलाधिकारी को कांटी में ही पदस्थापित रहने दिया जाए। मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष कुमारी याचना व पंसस संघ के अध्यक्ष दिनकर सिंह ने कहा कि  बीते दो साल में 13 सीओ का पदस्थापना व तबादला किया गया है। तबादला रोकने को लेकर  राजस्व व भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय को ज्ञापन सौंपा जाएगा।  बैठक में जिला पार्षद संगीता देवी, मुखिया गीता देवी,दिलीप साह,मो.अब्दुल्ला, विश्वजीत कुमार,पंसस रामाशीष राम,प्रेम कुमार राम,प्रमोद पांडेय, विपिन झा,अजीत कुमार,लखिन्द्र साह,राहुल कुमार भी थे। इस खबर को सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।